रायगढ़: करोड़ों के IPL सट्टा सिंडिकेट का भंडाफोड़, मास्टरमाइंड बाप-बेटे गिरफ्तार
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए मास्टरमाइंड करन चौधरी और उसके दो सहयोगियों को हिरासत में लिया है. पुलिस द्वारा की गई इस छापेमारी में भारी मात्रा में नकदी और उपकरण बरामद किए गए हैं. जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि सट्टे की काली कमाई को सफेद करने के लिए शहर के प्रतिष्ठित व्यापारियों और हवाला चैनलों का सहारा लिया जा रहा था.
इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपये की संपत्ति जब्त की है, जिसमें अकेले कैश ही 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार रुपये से अधिक है.
पुलिस जांच के अनुसार, करन चौधरी इस संगठित सिंडिकेट का मुख्य संचालक था, जो रायगढ़ से लेकर दिल्ली तक अपना जाल फैलाए हुए था. वह सट्टे से होने वाली आय को सीधे अपने पास रखने के बजाय पेट्रोल पंपों और मेडिकल स्टोर जैसे व्यवसायों के माध्यम से घुमाता था.
इस सिंडिकेट में पुष्कर अग्रवाल और उसके पिता सुनील अग्रवाल की भूमिका बेहद अहम थी, जो हवाला के जरिए 'ब्लैक मनी' को 'व्हाइट' करने का काम संभाल रहे थे.
पुलिस ने अग्रवाल के ठिकाने से नकदी के साथ-साथ नोट गिनने की मशीन और कई मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं. आरोपियों ने सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देने के लिए अपने बजाय कर्मचारियों और परिचितों के बैंक खातों एवं मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल किया था.
यह मामला तब और गरमा गया जब पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने करन चौधरी की सत्ताधारी दल के नेताओं और मंत्रियों के साथ तस्वीरें साझा करते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला.
गौरतलब है कि करन चौधरी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है और उस पर रंगदारी, अपहरण व मारपीट जैसे कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं. फिलहाल, पुलिस इस नेटवर्क के एक अन्य प्रमुख सदस्य जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार की तलाश कर रही है, जिसकी गिरफ्तारी से सिंडिकेट के कई और राज खुलने की उम्मीद है.