रायगढ़: शादी का झांसा देकर महिला से रेप करने वाला गिरफ्तार
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खुद को कुंवारा बताकर एक महिला को अपने प्रेम जाल में फंसाने और शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को पुलिस ने दबोच लिया है. यह पूरी घटना जूटमिल थाना क्षेत्र की है. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है.
दरअसल, यह पूरा मामला साल 2018 से शुरू हुआ था. जूटमिल थाना क्षेत्र के रहने वाले 31 वर्षीय महेंद्र पासवान की मुलाकात उसी दौरान पीड़ित महिला से हुई थी. पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह साल 2018 में अपने पति से अलग होकर अपनी मां के साथ रह रही थी.
इसी बीच महेंद्र से उसकी मोबाइल पर बातचीत शुरू हुई. महिला ने महेंद्र को पहले ही साफ कर दिया था कि वह शादीशुदा है और अपने पति से अलग रह रही है. इसके बावजूद महेंद्र ने खुद को अविवाहित बताया और उसे शादी का पक्का भरोसा देकर अपने साथ किराए के मकान में रखने लगा. इस दौरान उसने महिला की मर्जी के खिलाफ उसके साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाए.
पीड़िता के सपनों का महल तब ढह गया जब उसे पता चला कि महेंद्र पासवान पहले से ही शादीशुदा है और उसने झूठ बोलकर उसे झांसे में रखा था. जब महिला ने इस सच्चाई पर महेंद्र से जवाब मांगा और अपना हक मांगते हुए शादी का वादा पूरा करने को कहा, तो आरोपी अपनी बात से मुकर गया.
दोनों के बीच इस बात को लेकर काफी विवाद हुआ, जिसके बाद बीती 30 जून 2026 को आरोपी महेंद्र ने महिला को अपने साथ रखने से साफ मना कर दिया और उसे घर से बाहर निकाल दिया.
इसके बाद लाचार पीड़िता न्याय की गुहार लेकर महिला थाने पहुंची. महिला की लिखित शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने आरोपी महेंद्र पासवान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 69 के तहत केस दर्ज कर मामले को जांच में लिया.
पुलिस ने सबसे पहले पीड़िता का विस्तृत बयान दर्ज कराया और नियमानुसार उसका चिकित्सीय परीक्षण करवाया. इसके बाद पुलिस टीम ने दबिश देकर आरोपी महेंद्र को उसके घर से हिरासत में लिया. कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसका भी मुलाहिजा कराया गया. पुलिस ने आरोपी को स्थानीय न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे जेल भेज दिया है.