रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़: अंधे मोड़ पर भीषण हादसा, 2 युवकों की मौत, 1 गंभीर

C

CG Khabar

06 जुल. 2026, 01:41 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला है. रायगढ़-हमीरपुर मार्ग पर स्थित बंगुरसिया के एक खतरनाक मोड़ पर रविवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हो गई. यहाँ एक अनियंत्रित और तेज गति से आ रहे भारी-भरकम ट्रेलर ने सामने से आ रही बाइक को अपनी चपेट में ले लिया. 


टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सीधे बड़े वाहन के नीचे जा फंसी और लगभग 20 मीटर तक सड़क पर रगड़ाती चली गई.

विज्ञापन


इस दिल दहला देने वाले हादसे में बाइक पर सवार तीनों युवक भी वाहन के साथ काफी दूर तक घिसट गए. इनमें से एक युवक ने मौके पर ही तड़प-तड़प कर दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई. 


तीसरे युवक की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेडिकल कॉलेज से तत्काल रायपुर रेफर कर दिया है. 


पुलिस के मुताबिक, हताहत हुए तीनों युवक तमनार थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम मोहलाई के निवासी थे, जो एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी काम से रायगढ़ शहर की तरफ आ रहे थे. मृतकों की पहचान 20 वर्षीय प्रकाश राठिया और 21 वर्षीय मुनावर राठिया के रूप में की गई है, जबकि घायल युवक का नाम ज्ञानचंद राठिया (21 वर्ष) बताया जा रहा है.


घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है और फरार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP