रायगढ़: ड्राइवर की कुल्हाड़ी से हत्या करने वाले हेल्पर को उम्रकैद
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश ने हत्या के एक मामले में आरोपी हेल्पर को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. यह पूरा मामला महज पैसों के लेनदेन को लेकर उपजे विवाद से जुड़ा था, जिसमें एक सहकर्मी ने अपने ही साथी की बेरहमी से जान ले ली थी.
अभियोजन पक्ष द्वारा पेश किए गए ठोस सबूतों और 22 गवाहों के बयानों के आधार पर न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार देते हुए जेल और अर्थदंड की सजा से दंडित किया है.
घटना अगस्त 2024 की है, जब पूंजीपथरा थाना क्षेत्र स्थित एक सरिया प्लांट में कार्यरत पिकअप ड्राइवर वीरेंद्र खम्हारी और उसके हेल्पर सूरज राठिया के बीच विवाद हुआ था.
बताया जा रहा है कि वीरेंद्र ने सूरज से अपने उधार दिए हुए पैसे वापस मांगे थे, जिससे नाराज होकर सूरज ने कुल्हाड़ी और लकड़ी के पटरे से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. हमले में गंभीर रूप से घायल वीरेंद्र ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया था.
पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए आरोपी को उस समय घेराबंदी कर पकड़ा जब वह फरार होने के इरादे से अपना सामान समेटने वापस लौटा था.
जांच के दौरान पुलिस ने वैज्ञानिक साक्ष्य और एफएसएल रिपोर्ट इकट्ठा की, जो अदालत में आरोपी को दोषी सिद्ध करने में महत्वपूर्ण साबित हुई. शासन की ओर से इस मामले की प्रभावी पैरवी अपर लोक अभियोजक वंदना केसरवानी ने की, जिसके बाद अदालत ने इस खौफनाक वारदात के लिए आरोपी को उम्रकैद की सजा सुनाई.