रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़: मुआवजे के पैसों से शराबखोरी, महिला ने की पति की हत्या

C

CG Khabar

27 जुल. 2026, 01:41 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

आरोपी गिरफ्तार
आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र में एक महिला ने दो नाबालिगों की मदद से अपने ही पति की गला घोंटकर नृशंस हत्या कर दी. मृतक गनपतीलाल भगत (50 वर्ष) की कलाई पर ब्लेड से कट का निशान बनाकर आरोपियों ने इस पूरे मामले को आत्महत्या का रूप देने की नाकाम कोशिश की थी. 


हालाँकि, शॉर्ट पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की बात उजागर होने के बाद पुलिस ने जब कड़ाई से पूछताछ की, तो पूरी साजिश का पर्दाफाश हो गया. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी गंगाबाई भगत (45 वर्ष) और दोनों अपचारी बालकों को गिरफ्तार कर अदालत के निर्देश पर रिमांड पर भेज दिया है.

विज्ञापन


इस हत्या के पीछे की मुख्य वजह जमीन के मुआवजे की बड़ी रकम और रोज़-रोज़ का घरेलू क्लेश बनी. दरअसल, गारे-पेलमा माइंस के लिए अधिग्रहित हुई पैतृक जमीन के एवज में गनपतीलाल को करीब 25 से 30 लाख रुपये का मुआवजा मिला था. 


परिजनों के मुताबिक, वह इस भारी-भरकम राशि को धीरे-धीरे शराब में उड़ा रहा था और पैसे मांगने या मना करने पर पत्नी व बच्चों के साथ मारपीट और बहस करता था. 


बीते 23 जुलाई को भी जब वह अत्यधिक नशे की हालत में घर पहुँचा और परिजनों के साथ मारपीट करने लगा, तो आक्रोशित पत्नी ने दोनों नाबालिगों के साथ मिलकर साड़ी व गमछे के सहारे उसका गला घोंट दिया और गुमराह करने के लिए उसकी नस काट दी.


घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतक के दामाद सोनसाय उरांव ने पुलिस को किराये के कमरे में शव पड़े होने की सूचना दी. 


शुरुआती जांच में ही पुलिस को परिवार के बयानों पर संदेह हुआ और जब सख्ती से पूछताछ की गई तो आरोपी पत्नी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया. पूंजीपथरा थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 103(1), 238 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर पूरी कार्रवाई को अंजाम दिया है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP