रायगढ़: जंगली सूअर के शिकार मामले में 3 गिरफ्तार
रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में वन विभाग की टीम ने जंगली सूअर के अवैध शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 7.5 किलोग्राम जंगली सूअर का मांस और शिकार में इस्तेमाल औजार बरामद किए गए हैं.
पहले मामले में, गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने जूनवानी सर्किल के गेरवानी गांव के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा. तलाशी लेने पर उसके बैग से 7.5 किलोग्राम जंगली सूअर का मांस बरामद हुआ.
आरोपी की पहचान टीकाराम कंवर के रूप में हुई है. पूछताछ में उसने कुबूल किया कि बिजली का अवैध तार बिछाकर जंगली सूअर को करंट लगाया गया था और फिर कुल्हाड़ी से काटकर उसका मांस बेचने के लिए ले जाया जा रहा था.
आरोपी ने इस शिकार में अन्य लोगों के भी शामिल होने की बात मानी है, जिसके आधार पर वन विभाग पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटा है.
वहीं दूसरी कार्रवाई घरघोड़ा वन परिक्षेत्र में हुई, जहां गश्त कर रही टीम ने जरकाट गांव के पास खेत में दो लोगों को जंगली सूअर का शिकार कर उसका मांस काटते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मंगलू राम यादव और अमर साई के रूप में हुई है, जो जरकाट के ही रहने वाले हैं.
वन विभाग ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश कर दिया है. अधिकारियों के मुताबिक, जंगली सूअर वन्यजीव संरक्षण कानून के तहत संरक्षित श्रेणी में आते हैं.