शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

कुछ घंटों की बारिश से रायगढ़ जलमग्न, घरों में घुसा पानी

रायगढ़ में तेज बारिश से घरों में घुसा पानी

H

Hupendra Sharma

03 जुल. 2025, 07:26 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

बारिश
बारिश

रायगढ़ | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गुरुवार सुबह से मूसलाधार बारिश हो रही है. तेज बारिश से रायगढ़ शहर पूरी तरह से जलमग्न हो गया है.


सड़कों सहित शहर की कई कॉलोनियों और निचले इलाकों के घरों में पानी घुस गया है. जबकि मौसम विभाग ने जिले में अभी और भारी बारिश की चेतावनी दी है. 


रायगढ़ जिले में पिछले दो दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है. गुरुवार सुबह से अचानक से मौसम ने करवट ली और काफी तेज बारिश शुरू हो गई.


कुछ घंटों की बारिश ने पूरे शहर को पानी-पानी कर दिया. शहर के दुर्गा विहार कॉलोनी, विनोबा नगर, इंदिरा नगर जैसे पॉश कॉलोनियों में एक से डेढ़ फीट तक पानी भर गया है.


वहीं निचली बस्तियों का तो हाल बेहाल है. यहां दो फीट तक घरों में पानी भरा हुआ है.घरों में पानी घुसने से लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.



साथ ही पानी निकासी की ठीक से व्यवस्था नहीं होने से सड़क तालाब में तब्दील हो गई हैं. सड़कों पर नालियों का पानी भर जाने से पैदल चलना भी दूभर हो गया है. 


जबकि मौसम विभाग ने गुरुवार को कोरिया, कोरबा, रायगढ़, मुंगेली, सूरजपुर, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर और गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है.


वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों बीजापुर, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, रायपुर, बलौदाबाजार, जांजगीर, बिलासपुर, जशपुर, दुर्ग, बेमेतरा, मुंगेली, सरगुजा और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. 


प्रदेश में मानसून ने जुलाई महीने की शुरुआत से ही रफ्तार पकड़ी है. बुधवार को प्रदेश के करीब 18 जिलों में 117 जगहों पर बारिश हुई है.


पूरे प्रदेश में औसत बारिश 40.6 मिमी रिकॉर्ड की गई. सरगुजा और बस्तर संभाग में सबसे ज्यादा पानी गिरा है. 

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP