दबाव बनाने व दोषी को बचाने हमारे घर छापेमारी- कुंजाम
छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में छापेमारी को लेकर मनीष कुंजाम ने सरकार को घेरा
सुकमा | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में तेंदूपत्ता बोनस में हुए भ्रष्टाचार को लेकर एसीबी और ईओडब्ल्यू की छापेमारी को लेकर सीपीआई नेता व पूर्व विधायक मनीष कुंजाम ने सवाल खड़े किये हैं.
उन्होंने सुकमा में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि मैंने ही इस भारी भ्रष्टाचार को लेकर शिकायत की थी और मेरे ही घर पर छापा मारा गया.
कुंंजाम का कहना है कि भाजपा सरकार द्वारा हमारे ऊपर दबाव बनाने व दोषियों को बचाने के लिए हमारे घर छापेमारी की कार्यवाही की गई.
छापे में जांच अधिकारियों को मेरे पास कुछ भी नहीं मिला. सरकार मेरी छवि खराब करने की कोशिश कर रही है.
कुंजाम का आरोप है कि मेरे ऊपर छापे की कार्यवाही का मकसद असली गुनहगार को बचाने की साजिश है.
हम पर दबाव बनाने की कोशिश
मनीष कुंजाम ने कहा कि जिला पंचायत और जनपद पंचायत में मुझे भाजपा के साथ मिलकर अध्यक्ष बनाने का दबाव बनाया गया था, लेकिन हमने उनकी बात नहीं मानी.
उनका कहना है कि बस्तर में नक्सली खत्म हो रहे हैं और अब माइनिंग का खनन होगा.
इस खनन का हम लोग विरोध करते हैं, जिसके चलते भी हम पर दबाव बनाने और द्वेष की भावना के साथ यह सब किया जा रहा है.