रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ के शराब घोटाले में ACB और EOW ने फिर मारा छापा

C

CG Khabar

20 मई 2025, 06:13 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

शराब
शराब

रायपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ में शराब घोटाले को लेकर एसीबी और आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा की टीमों ने मंगलवार को कई जगहों पर छापामारी की है. यह कार्रवाई दुर्ग, भिलाई, रायपुर, धमतरी और महासमुंद जिलों में एक साथ की जा रही है.


दुर्ग में तीन जगह और भिलाई में लगभग छह स्थानों पर छापे मारे जा रहे हैं. यह कार्रवाई सुबह 4 बजे से शुरू हुई. जानकारी के अनुसार, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी की आम्रपाली सोसाइटी में अशोक अग्रवाल के घर पर भी रेड डाली गई है. 

विज्ञापन


अशोक अग्रवाल, पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा के करीबी माने जाते हैं. आरोप है कि उन्होंने मंत्री के साथ मिलकर इस घोटाले में अहम भूमिका निभाई.


स्टील व्यापारी विनय अग्रवाल के घर भी जांच एजेंसियों की रेड चल रही है. अधिकारी दस्तावेजों और सबूतों की जांच कर रहे हैं. यह छापेमारी उस वक्त हो रही है जब राज्य में शराब घोटाले की जांच तेज़ कर दी गई है.


महासमुंद जिले के सांकरा और बसना में भी ईओडब्ल्यू की टीमों ने छापा मारा है. सांकरा में कैलाश अग्रवाल और बसना में जय भगवान अग्रवाल के यहां छापेमारी की गई. दोनों जगह करीब 20 सदस्यों की टीम रिकॉर्ड खंगालने में जुटी है.


धमतरी जिले में भी ईओडब्ल्यू की टीम ने सिहावा चौक स्थित सौरभ अग्रवाल की लोहे की दुकान और निवास पर रेड मारी है. सौरभ अग्रवाल, दुर्ग के स्टील कारोबारी अशोक अग्रवाल के दामाद हैं और धमतरी में रहते हैं. करीब आधा दर्जन अधिकारी दो गाड़ियों में सवेरे रेड डालने पहुंचे.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP