छत्तीसगढ़ में भी 'वोट चोरी' का संदेह, राहुल गांधी का बड़ा आरोप
पंचमढ़ी । डेस्क: कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ में भी "वोट चोरी" होने का गंभीर आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा यकीन है कि जिस तरह हरियाणा में चुनाव में धांधली हुई, वैसी ही "वोट चोरी" मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी हुई है.
पचमढ़ी में पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करने के बाद मीडिया से बात करते हुए रायबरेली सांसद ने कहा कि उनके पास इसके सारे सबूत मौजूद हैं, जिन्हें वे धीरे-धीरे सार्वजनिक करेंगे. उन्होंने चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को भी कटघरे में खड़ा करते हुए इसे कथित "वोट चोरी" को छिपाने की कोशिश करार दिया.
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सीधे तौर पर लोकतंत्र और संविधान पर हमला करने का दोषी ठहराया.
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ उन नौ राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों में शामिल है, जहां इन दिनों मतदाता सूची शुद्धिकरण का दूसरा चरण चल रहा है. कांग्रेस नेता के इन आरोपों ने छत्तीसगढ़ की चुनावी राजनीति में हलचल मचा दी है.