पुणे: तालाब में हाथ-पैर बंधा मिला छत्तीसगढ़ के युवक का शव, हत्यारा गिरफ्तार
पुणे । डेस्क: महाराष्ट्र के पुणे जिले में छत्तीसगढ़ के रहने वाले 26 वर्षीय युवक महेंद्रकुमार ओमप्रकाश बंजारे की बेरहमी से हत्या कर दी गई. पिंपरी-चिंचवाड़ पुलिस ने मामले की त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली से एक 20 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे का मुख्य मकसद लूटपाट था.
मृतक महेंद्रकुमार पुणे के मुल्शी तालुका स्थित लवाले गांव की दुधाले बस्ती में अपनी पत्नी सुनिता (22) के साथ रहकर मजदूरी करता था. पत्नी द्वारा दर्ज कराई गई गुमशुदगी की शिकायत के अनुसार, 30 अगस्त की रात करीब 8 बजे महेंद्रकुमार घर से किसी काम के लिए बाहर निकला था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा.
परिजनों और दोस्तों द्वारा काफी तलाश करने के बाद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तो पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई.
पुलिस की टीमों ने बावधन, पिरंगुट, लवाले, सुसगांव, महालुंगे, शिवाजीनगर और पुणे रेलवे स्टेशन सहित कई इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया. जांच के दौरान 2 सितंबर को लवाले की दुधाले बस्ती स्थित एक तालाब से महेंद्रकुमार का शव बरामद हुआ. शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे और पैरों से एक भारी पत्थर बांधकर उसे पानी में फेंक दिया गया था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि जब युवक को पानी में फेंका गया, तब उसकी सांसें चल रही थीं यानी वह जीवित था.
पिंपरी-चिंचवाड़ पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की हत्या और साक्ष्य मिटाने से जुड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. तलाश के दौरान तकनीकी विश्लेषण और जांच के आधार पर पुलिस ने दिल्ली से आरोपी को गिरफ्तार किया, जिसने लूट के इरादे से इस जघन्य वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है.