प्राचार्य को हटाने प्रदर्शन, स्कूल में जड़ा ताला
प्राचार्य को हटाने छात्र-छात्राओं सहित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
गरियाबंद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के अकलवारा हाई स्कूल के प्राचार्य के खिलाफ छात्र-छात्राओं सहित ग्रामीणों ने मोर्चा खोल दिया है. प्राचार्य पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए नाराज पालकों ने शनिवार को स्कूल के मुख्य गेट में ताला जड़कर जोरदार प्रदर्शन किया.
ग्रामीणों की मांग है प्राचार्य जेपी वर्मा को तत्काल पद से हटाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए.
ज्ञात हो कि प्राचार्य जेपी वर्मा के खिलाफ छात्राओं ने अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है.
इसका विरोध करने पर कुछ छात्राओं को जानबूझ कर फेल कर उनकी मार्कसीट में भी हेरफेर करने का आरोप है.
आज स्कूल में तालाबंदी की सूचना मिलते ही बीईओ मौके पर पहुंचे. उन्होंने नाराज ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की. लेकिन ग्रामीण प्राचार्य को हटाने के बाद ही प्रदर्शन बंद करने पर अड़े रहे.
इस बीच तहसीलदार रमेश मेहता भी मौके पर पहुंचे. तहसीलदार ने भरोसा दिलाया कि सोमवार तक प्राचार्य को हटा दिया जाएगा. इसके बाद ग्रामीण माने और स्कूल का ताला खोलने पर राजी हुए.
इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी ए के सारस्वत ने कहा कि दोबारा शिकायत मिलने के बाद प्रभारी प्राचार्य को हटा दिया गया है. पहले हुई जांच में प्राचार्य ने सहयोग नहीं किया था. मामले की दोबारा जांच की जा रही है. सोमवार तक रिपोर्ट कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा. इसके बाद आगे अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी.
अकलवारा हाई स्कूल के शाला विकास समिति के अध्यक्ष उदित सेन का कहना है कि प्राचार्य के खिलाफ छात्र-छात्राओं ने कई बार शिकायत की है. जिला शिक्षा अधिकारी के पास भी शिकायत कर चुके हैं. इस पर जांच समिति का भी गठन किया गया है. जांच में आरोप सही पाए गए, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई.