शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

फिल्मी स्टाइल में जेल तोड़कर भागा कैदी छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार

C

CG Khabar

20 मार्च 2026, 01:40 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

जेल
जेल

भोपाल । डेस्क: मध्य प्रदेश के शाजापुर जिला जेल से फिल्मी अंदाज में फरार हुए कैदी जीवन उर्फ जयराम के भागने का रोमांचक अंत आखिरकार पड़ोसी राज्य छत्तीसगढ़ में हुआ. 15 मार्च को जेल की 20 फीट ऊंची दीवार फांदकर भागने वाले इस कैदी को इंदौर की लालघाटी पुलिस और शाजापुर पुलिस की संयुक्त तत्परता से छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है. 


आरोपी यहां अपने साले के घर छिपा हुआ था, जहां पुलिस ने दबिश देकर उसे फिर से सलाखों के पीछे पहुंचा दिया.


जेल अधीक्षक दुष्यंत पगारे के अनुसार, यह फरारी कोई जल्दबाजी में उठाया गया कदम नहीं बल्कि एक सोची-समझी साजिश थी. आरोपी ने करीब 10 दिनों तक जेल प्रहरियों की गतिविधियों और उनके आने-जाने के समय की रेकी की थी. 


भागने के लिए उसने रसोई और बाथरूम के पास की उस दीवार को चुना जहाँ शाम के समय कैदियों की गिनती के दौरान हलचल अधिक रहती थी. 


15 मार्च की दोपहर, आरोपी अपने एक साथी कैदी के साथ रसोई में छिप गया और हैलोजन लाइट के लिए दीवार में लगे हुक का सहारा लेकर, दूसरे कैदी के कंधे पर चढ़कर दीवार फांद गया. हालांकि, दूसरा साथी भागने में नाकाम रहा और उसने पकड़े जाने के डर से शोर मचा दिया.


दीवार से कूदते वक्त जीवन के पैर में चोट भी आई थी, लेकिन वह नहीं रुका. वह अलग-अलग वाहनों से लिफ्ट लेकर अमरकंटक पहुंचा और वहां से ट्रेन पकड़कर छत्तीसगढ़ के दुर्ग भाग निकला. 


घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और तुरंत विशेष टीमों का गठन किया गया. 


जांच के दौरान पुलिस को उसके छत्तीसगढ़ में छिपे होने का सुराग मिला, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसे धर दबोचा. फिलहाल आरोपी को कड़ी सुरक्षा के बीच वापस शाजापुर लाया गया है और जेल प्रशासन अब सुरक्षा व्यवस्था में हुई इस चूक की गहन जांच कर रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP