पॉप स्टार ब्रिटनी स्पीयर्स नशे में गाड़ी चलाने के संदेह में गिरफ्तार
कैलिफोर्निया । डेस्क: कैलिफोर्निया पुलिस ने दिग्गज पॉप स्टार ब्रिटनी स्पीयर्स को शराब और नशीले पदार्थों के सेवन के संदेह में उनके दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित आवास के पास से गिरफ्तार किया है. कैलिफोर्निया हाईवे पेट्रोल के अनुसार, बुधवार रात लगभग 9 बजे सूचना मिली थी कि वेंचुरा काउंटी में एक ब्लैक बीएमडब्ल्यू काफी तेज और अनियंत्रित तरीके से चलाई जा रही है.
अधिकारियों ने बताया कि 44 वर्षीय ब्रिटनी कार में अकेली थीं और जांच के दौरान वे नशे में लग रही थीं. फील्ड सोब्राइटी टेस्ट में विफल रहने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर वेंचुरा काउंटी जेल ले जाया गया, जहाँ से गुरुवार सुबह करीब 6 बजे उन्हें रिहा कर दिया गया.
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए ब्रिटनी के प्रतिनिधि ने एक बयान जारी कर इसे "अक्षम्य" बताया है. बयान में कहा गया कि ब्रिटनी कानून का पालन करेंगी और उम्मीद है कि यह घटना उनके जीवन में लंबे समय से प्रतीक्षित बदलाव लाने और आवश्यक मदद प्राप्त करने की दिशा में पहला कदम साबित होगी.
फिलहाल रासायनिक परीक्षणों की रिपोर्ट का इंतजार है और वेंचुरा काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी कार्यालय तय करेगा कि मामले में औपचारिक आरोप लगाए जाएंगे या नहीं. ब्रिटनी को इस मामले में 4 मई को अदालत में पेश होना है.
90 के दशक और 2000 के दशक की सबसे बड़ी सुपरस्टार्स में से एक रहीं ब्रिटनी स्पीयर्स का जीवन लंबे समय तक विवादों और मीडिया की जांच के घेरे में रहा है.
साल 2021 में ही उनकी 13 साल लंबी विवादित 'कंजर्वेटरशिप' खत्म हुई थी, जिसके बाद उन्होंने अपनी आपबीती पर आधारित संस्मरण 'द वुमन इन मी' प्रकाशित किया था. अब इस नई कानूनी मुश्किल ने एक बार फिर उनके प्रशंसकों और करीबियों की चिंता बढ़ा दी है.