पामगढ़: प्रेमी के आत्मघाती कदम से व्यथित प्रेमिका ने चुना मौत का रास्ता
जांजगीर । संवाददाता: जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ थाना अंतर्गत धाराशिव गांव में एक दर्दनाक वाकये ने सभी को हिलाकर रख दिया है. यहाँ एक ही पेड़ से फंदा लगाकर प्रेमी युगल ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली.
मृतकों की पहचान 40 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति विष्णुकांत पुरी, जो कि चार बच्चों का पिता था, और 27 वर्षीया लीलाबाई सूर्यवंशी के रूप में हुई है.
पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच बीते एक साल से अधिक समय से प्रेम संबंध थे, लेकिन समय-समय पर उनके बीच विवाद भी होते रहते थे. विवाद इस हद तक बढ़ गया था कि युवती विष्णुकांत के घर भी पहुँच जाती थी, जहाँ उसकी पत्नी के साथ कहासुनी और मारपीट तक की नौबत आ जाती थी.
घटनाक्रम की शुरुआत 20 जुलाई को हुई, जब लीलाबाई ने विष्णुकांत के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस जब कार्रवाई के लिए युवक के घर पहुँची तो वह फरार मिला. माना जा रहा है कि उसी दिन के आसपास विष्णुकांत ने खेत में स्थित एक पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली थी.
कई दिनों तक लापता रहने के कारण जब उसका शव बरामद हुआ, तब तक वह काफी खराब स्थिति में पहुँच चुका था.
इसके बाद 23 जुलाई को जैसे ही लीलाबाई को अपने प्रेमी की मौत की खबर मिली, वह स्तब्ध रह गई. दुख और ग्लानि में डूबी युवती उसी खेत में पहुँची और ठीक उसी पेड़ की डाल पर फंदा लगाकर अपनी जान दे दी.
पामगढ़ पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है तथा मर्ग कायम कर मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से छानबीन कर रही है.