शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

पदोन्नत प्राचार्यों की ऑनलाइन काउंसिलिंग शुरू

H

Hupendra Sharma

20 अग. 2025, 07:58 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

प्राचार्यों की काउंसिलिंग
प्राचार्यों की काउंसिलिंग

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा पदोन्नत प्राचार्यों के लिए ऑनलाइन ओपन काउंसिलिंग शुरू कर दी गई है. इस प्रक्रिया में कुल 845 नव पदोन्नत प्राचार्य शामिल होंगे.


काउंसलिंग राजधानी रायपुर स्थित शासकीय शिक्षा महाविद्यालय परिसर, शंकर नगर में आज से 23 अगस्त तक की जाएगी. प्रत्येक दिन दो पालियों में क्रमशः 150-150 प्राचार्यों को शामिल किया जाएगा.


ज्ञात हो कि पदोन्नति आदेश एवं रिक्त पदों की सूची पूर्व में ही स्कूल शिक्षा विभाग की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है. साथ ही रिक्त पदों का स्थान भी सार्वजनिक कर दिया गया है.


बताया गया कि नियमावली एवं वरिष्ठता के आधार पर प्राथमिकता निर्धारित की जाएगी. दिव्यांग अभ्यर्थियों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी.


इसके बाद महिला और फिर पुरुष अभ्यर्थियों को वरिष्ठता क्रम से संस्था चयन का अवसर मिलेगा.


एक वर्ष से कम अवधि में सेवानिवृत्त होने वाले प्राचार्यों को भी प्राथमिकता प्रदान की जाएगी.


काउंसिलिंग के लिए वेटिंग हॉल और काउंसिलिंग कक्ष निर्धारित किया गया है. जहां केवल अभ्यर्थियों को ही प्रवेश की अनुमति दी गई है.


सभी पदोन्नत प्राचार्यों से सेवा प्रमाण पत्र और मान्य फोटोयुक्त पहचान पत्र अनिवार्य रूप से मांगे जा रहे हैं.


किसी कारण से काउंसिलिंग में अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों को अंतिम दिन 23 अगस्त को अवसर दिया जाएगा.


काउंसिलिंग पूर्ण होने के बाद शासन द्वारा पदस्थापना आदेश जारी किए जाएंगे तथा सभी को आदेश प्राप्ति के 7 दिवस के भीतर पदभार ग्रहण करना अनिवार्य होगा.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP