शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

अब धमतरी के युवक की बालोद में हत्या

अब धमतरी के युवक का बालोद में हत्या

H

Hupendra Sharma

13 अग. 2025, 07:56 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

हत्या
हत्या

बालोद | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के धमतरी में रायपुर के तीन युवकों की हत्या के बाद अब धमतरी के युवक की बालोद में हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान भागवत मरकाम के रूप में हुई है, जो धमतरी जिले के ग्राम माडमसिल्ली का निवासी है. वह बालोद अपने रिश्तेदार के यहां मेहमान बनकर गया था.


इस घटना से तीन दिन पहले रायपुर में बालोद के एक डिलीवरी बॉय की चाकूबाजी में जान चली गई थी.


प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चाकूबाजी की घटनाएं रोज हो रही हैं. सोमवार की रात धमतरी जिले में मामूली विवाद पर रायपुर के तीन युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी.


तीनों युवक आपस में दोस्त थे और धमतरी घूमने गए थे. आरोपी शराब के नशे में थे. अब बालोद में चाकूबाजी की घटना हुई है. 


पुलिस के मुताबिक घटना पुरुर थाना क्षेत्र का है. बीती रात को पुलिस को सूचना मिली की चिटौद गांव में एक युवक खून से लथपथ पड़ा हुआ है.


सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. तत्काल घायल युवक को धमतरी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.


पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल की तो पता चला कि मृतक धमतरी निवासी भागवत मरकार है और वह बालोद रिश्तेदार के घर आया हुआ था.


कल शाम को बसंत किराना स्टोर के सामने गांव के 2 युवकों से किसी बात को लेकर उनका विवाद हुआ था. विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने उसके गले में चाकू घोंपकर उसे मार डाला.


मामले में पुलिस ने संदेही मनीष सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है. पुरुर पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा. 


रायपुर में बालोद के युवक की हत्या

इस घटना के तीन दिन पहले बालोद जिले के डौंडी ब्लॉक के ग्राम हाथीगोर्रा टेकाढोड़ा निवासी हेमंत कोठारी की राजधानी रायपुर में चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी.


हेमंत की बाइक पप्पू नाम के लड़के की बाइक से टकरा गई थी. इस मामूली टक्कर को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ, फिर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया था.


घायल हेमंत को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से उसे एम्स रेफर किया गया था. जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.


बताया गया कि हेमंत पिज्जा डिलीवरी का काम करता था. वह काफी दिनों से रायपुरा इलाके में किराए पर रहता था. वह अपने बुजुर्ग माता-पिता का इकलौता सहारा था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP