जशपुर के सरकारी स्कूल में धार्मिक पुस्तकें बांटने पर शिक्षक को नोटिस, जांच शुरू
जशपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक सरकारी स्कूल के शिक्षक पर छात्रों के बीच धार्मिक पुस्तकें बांटने का आरोप लगा है. मामला फरसाबहार ब्लॉक के शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल केरसेई का है. जानकारी के मुताबिक, 10 फरवरी को स्कूल के व्याख्याता दीपक तिग्गा ने कक्षा 11वीं और 12वीं के छात्र-छात्राओं को उनकी अनुमति के बिना छोटी धार्मिक किताबें वितरित की थीं.
इस घटना की जानकारी मिलते ही स्कूल प्रबंधन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छात्रों के बैग से करीब 14 धार्मिक पुस्तकें बरामद कीं. स्कूल के प्राचार्य आर.एन. नागेश्री ने इसे सेवा नियमों का उल्लंघन और अनुशासनहीनता मानते हुए शिक्षक दीपक तिग्गा को कारण बताओ नोटिस जारी किया है.
नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि बिना अनुमति स्कूल परिसर में धार्मिक साहित्य का वितरण सरकारी सेवा आचरण नियमों के विरुद्ध है.
फिलहाल, आरोपी शिक्षक घटना के बाद से स्कूल से नदारद है और उसका कोई पता नहीं चल सका है. ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO) दुर्गेश देवांगन ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसे जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को भेज दिया गया है.
शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विस्तृत जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी विभागीय कार्रवाई की जाएगी.