रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

दुर्ग में फंदे से झूली नवविवाहिता, 28 दिन बाद पति गिरफ्तार

C

CG Khabar

13 सित. 2026, 02:22 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

आरोपी गिरफ्तार-दुर्ग
आरोपी गिरफ्तार-दुर्ग

दुर्ग । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले स्थित उमरपोटी में शादी के महज डेढ़ साल बाद 23 वर्षीय रवीना यादव ने संदिग्ध परिस्थितियों में पंखे से फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. यह दुखद वारदात 15 अगस्त 2026 को सामने आई थी, जिसके बाद पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की थी. प्राथमिक जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर उतई थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति विपुल यादव (27) के खिलाफ दहेज हत्या (धारा 80(2) बीएनएस) का मामला दर्ज किया है. 12 सितंबर को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी शिकंजे में ले लिया.


मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली रवीना का विवाह डेढ़ वर्ष पूर्व जौनपुर के ही विपुल से हुआ था. विपुल दुर्ग में रहकर प्लंबिंग का कार्य करता है और इसी साल 22 अप्रैल को गौना होने के बाद रवीना उमरपोटी स्थित अपने ससुराल आई थी. 

विज्ञापन


पुलिस द्वारा की गई पड़ताल में यह तथ्य प्रमुखता से उभरा कि शादी के बाद से ही विपुल दहेज में कार की मांग को लेकर रवीना को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था. घटना से ठीक एक दिन पहले भी इस मांग को लेकर दोनों के बीच तीखा विवाद हुआ था, जिसके बाद आरोपी घर से चला गया था.


मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मृतका के पिता और जीजा ने जौनपुर से दुर्ग पहुंचकर 11 सितंबर को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की थी और सख्त कार्रवाई की गुहार लगाई थी. परिजनों ने यह आरोप भी लगाया था कि विपुल के किसी अन्य महिला से संबंध थे और घटना वाली रात वह पत्नी को कमरे में बंद कर उसी महिला के साथ चला गया था. 


परिजनों के मुताबिक रवीना ने उस रात पति को 17 बार फोन मिलाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. हालांकि, पुलिस की आधिकारिक एफआईआर में कार की मांग से जुड़ी प्रताड़ना को ही मुख्य आधार बनाया गया है और विवाहेतर संबंधों के दावों की पुष्टि फिलहाल जांच में नहीं हुई है.


जांच अधिकारियों का कहना है कि मर्ग कायम कर जुटाए गए साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर ही अपराध क्रमांक 457/2026 के तहत यह कानूनी कार्रवाई की गई है. पुलिस अब मामले के तमाम पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP