शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

पुलिस मुखबिरी के शक में नक्सलियों ने की 2 ग्रामीणों की हत्या

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने फिर पुलिस मुखबिरी के शक में दो ग्रामीणों की हत्या कर दी है. मृतकों में एक आत्मसमर्पित नक्सली शामिल है.

C

CG Khabar

22 जून 2025, 07:23 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

मुखबिर
मुखबिर

बीजापुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने फिर पुलिस मुखबिरी के शक में दो ग्रामीणों की हत्या कर दी है. मृतकों में एक आत्मसमर्पित नक्सली शामिल है. 


बताया जा रहा है कि पामेड़ थाना क्षेत्र के सेंड्राबोर एमपुर में 30 से 40 की संख्या में नक्सली दोनों ग्रामीणों के घर पहुंचे. इसके बाद उन्हें घर से कुछ दूर ले जाकर हत्या कर दी.


पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मृतकों के नाम समैया और वेको देवा है. समैया के बारे में बताया जा रहा है कि वह पहले माओवादी संगठन में शामिल था और गंगालूर एरिया कमेटी में सक्रिय था. हाल ही में उसने बीजापुर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया और इसके बाद कुछ दिनों से अपने गांव में आकर रहने लगा.


वहीं वेको देवा सामान्य ग्रामीण था. दोनों नक्सल प्रभावित गांव सेंड्राबोर और एमपुर के रहने वाले थे. 


बीते एक सप्ताह में 5 ग्रामीणों की नक्सलियों ने की हत्या


गौरतलब है कि नक्सलियों ने बीजापुर जिले में ही पिछले सप्ताह भर में कुल पांच ग्रामीणों की हत्या की है. 


बीते 17 जून को ही नक्सलियों ने बीजापुर जिले के पेद्दाकोरमा में तीन युवकों की हत्या कर दी थी, यह सभी आत्मसमर्पित नक्सली दिनेश मोड़ियम के रिश्तेदार थे. इन पर दिनेश मोड़ीयम को आत्मसमर्पण करने के लिए उकसाने का आरोप लगाकर नक्सलियों ने रस्सी से गला घोंटकर तीनों युवकों की हत्या कर दी थी.


इधर शनिवार की रात हुई हत्या की ताज़ा वारदात के बाद बीजापुर एसपी जीतेंद्र यादव का कहना है कि पामेड़ थाना से पुलिस बल की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है. दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए लाया जा रहा है.


उन्होंने कहा कि आसपास के इलाकों में सर्चिंग बढ़ा दी गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP