नारायणपुर: तेंदुए की खाल के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
नारायणपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में वन्यजीव तस्करी के खिलाफ वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है. धौड़ाई वन परिक्षेत्र की टीम ने गयातापारा मार्ग के पास गश्त के दौरान तीन संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली, तो उनके पास से एक वयस्क तेंदुए की पूरी और साबुत खाल बरामद हुई. आरोपी दो मोटरसाइकिलों पर इस खाल को कहीं ठिकाने लगाने या बेचने की फिराक में ले जा रहे थे.
बरामद तेंदुए की खाल की लंबाई लगभग 184 सेंटीमीटर (करीब 6 फीट) मापी गई है, जिससे वन अधिकारियों का अनुमान है कि शिकार किया गया तेंदुआ वयस्क था. गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सोनूराम कचलाम (39) और पुनीत कुमार बघेल (32), निवासी छोटेडोंगर, तथा जमधर पोताई (50), निवासी धौड़ाई के रूप में हुई है.
तीनों आरोपियों को नारायणपुर के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.
आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है.
फिलहाल विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि तेंदुए का शिकार कहां किया गया था और इस तस्करी के तार किसी बड़े नेटवर्क से जुड़े हैं या नहीं.