विधायक कॉलोनी के लिए नहीं उजाड़ा जाएगा नकटी गांव- बृजमोहन
रायपुर | संवाददाताः रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा है कि राजधानी रायपुर से लगे नकटी गांव को विधायक कॉलोनी के लिए नहीं उजाड़ा जाएगा. गांव में करीब 17 एकड़ जमीन खाली है. वहां विधायक कॉलोनी बनाया जाएगा.
उन्होंने कहा कि विधायक कॉलोनी बनाने का प्रस्ताव आज से नहीं पिछले 10 साल से है. पिछले 7 साल पहले भी इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने की तैयारी चल रही थी. उस समय भी मैंने इस पर रोक लगाने पहल की थी. अब भी किसी के घर को नहीं तोड़ा जाएगा.
बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कुछ दिन पहले ही नकटी गांव के कुछ लोग मिलने आए थे. मैंने उन लोगों को आश्वासन दिया है किसी का घर तोड़कर विधायक कॉलोनी नहीं बनाया जाएगा. आप लोगों का घर नहीं तोड़ा जाएगा.
उन्होंने बताया कि इस संबंध में जिला प्रशासन के अधिकारियों से चर्चा हुई है. अधिकारियों को कहा गया है कि किसी को बेदखल किए बगैर प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाया जाए. वहां कुछ घर प्रधानमंत्री आवास में बने हुए हैं. गांव के बहुत से लोगों के पास रहने का कोई और ठिकाना भी नहीं है. इसलिए किसी को बेघर नहीं किया जाएगा.
दरअसल नकटी गांव के करीब 85 परिवार को बेदखली का नोटिस मिला है. इसके बाद से गांव के लोग लामबंद हो गए हैं और इसका विरोध करते हुए प्रदर्शन कर रहे हैं. जिस वजह से अभी तक प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की है.
ग्रामीणों का कहना है कि राज्य सरकार उनके पूर्वजों की जमीन को छीनकर अपने विधायकों के लिए महल बनाना चाहती है. लेकिन हम मर जाएंगे पर अपनी जमीन नहीं छोड़ेंगे.
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सरकार को जब तोड़ना ही था तो उन्हें प्रधानमंत्री आवास क्यों दी.
सरपंच बिहारी लाल यादव का कहना है कि प्रशासन ने पूरे गांव को खाली करने का नोटिस दिया है. गांव में 25 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हैं. इनमें से 15 बन चुके हैं. बाकी का काम चल रहा है.