मोजतबा खामेनेई की हालत नाजुक, कोमा में होने की खबर: रिपोर्ट
नई दिल्ली । डेस्क: ईरान और पश्चिम एशिया में जारी भारी सैन्य संघर्ष के बीच ईरान के नए सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई की स्थिति को लेकर रहस्य गहरा गया है. 'द टाइम्स' की एक हालिया रिपोर्ट में अमेरिकी और इजरायली खुफिया सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि ५६ वर्षीय मोज्तबा खामेनेई वर्तमान में ईरान के पवित्र शहर कुम (Qom) में बिस्तर पर हैं और लगभग अचेत यानी कोमा जैसी स्थिति में हैं.
रिपोर्ट के अनुसार, वह शारीरिक रूप से इतने 'अक्षम' हो चुके हैं कि कोई भी निर्णय लेने की स्थिति में नहीं हैं.
यह घटनाक्रम २८ फरवरी को ईरान पर हुए अमेरिकी और इजरायली हमले के बाद शुरू हुआ, जिसमें पूर्व सर्वोच्च नेता आयतोल्ला अली खामेनेई, उनकी पत्नी और एक बेटे की मृत्यु हो गई थी.
हालांकि ईरान ने मोजतबा को नया सर्वोच्च नेता घोषित किया था, लेकिन हमले के बाद से उन्हें सार्वजनिक रूप से नहीं देखा गया है.
इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया था कि मोज्तबा जीवित नहीं हैं, जबकि कुछ अन्य सूत्रों ने उनके रूस में इलाज कराने की बात कही थी जिसे मॉस्को ने खारिज कर दिया था.
अब ताजा जानकारी के अनुसार, तेहरान से 140 किलोमीटर दूर कुम शहर में उनका इलाज चल रहा है, जहाँ अली खामेनेई के स्मारक और परिवार के सदस्यों के लिए समाधि स्थल का निर्माण कार्य भी युद्ध स्तर पर जारी है. फिलहाल ईरान सरकार ने मोजतबा की स्वास्थ्य स्थिति पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है.