मेक्सिको: तीन हत्यारों को हर एक को 158 साल की जेल
मेक्सिको की बाहा कैलिफोर्निया राज्य की एक अदालत ने वर्ष 2024 में दो ऑस्ट्रेलियाई भाइयों और उनके अमेरिकी दोस्त की सनसनीखेज हत्या के मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाया है.
नई दिल्ली । डेस्क: मेक्सिको की बाहा कैलिफोर्निया राज्य की एक अदालत ने वर्ष 2024 में दो ऑस्ट्रेलियाई भाइयों और उनके अमेरिकी दोस्त की सनसनीखेज हत्या के मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाया है. एनसेनाडा शहर के एक न्यायाधीश ने जीसस गेराार्डो गार्सिया उर्फ "एल केकास", इरिनियो फ्रांसिस्को और एंजेल जीसस नामक तीन मैक्सिकन नागरिकों को हत्या, हिंसक डकैती और वाहन चोरी का दोषी पाते हुए प्रत्येक को 158 वर्ष और नौ महीने की कठोर कारावास की सजा सुनाई है.
यह मामला अप्रैल 2024 का है, जब ऑस्ट्रेलिया के कैलम रॉबिन्सन (33), जैक रॉबिन्सन (30) और उनके अमेरिकी मित्र जैक कार्टर रोड (30) बाहा कैलिफोर्निया के पुंटा सैन जोस तट पर सर्फिंग और कैंपिंग के लिए आए थे.
27 अप्रैल की रात लापता होने के बाद अमेरिका की एफबीआई और स्थानीय पुलिस द्वारा चलाए गए संयुक्त खोज अभियान के दौरान 3 मई को तीनों के शव 50 फीट गहरे एक कुएं से बरामद हुए थे. तीनों दोस्तों की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी.
इस जघन्य अपराध ने मेक्सिको के पर्यटन उद्योग, खासकर सर्फिंग समुदाय को गहरा झटका दिया था और विदेशी पर्यटकों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए थे.
बाहा कैलिफोर्निया सर्फर्स एसोसिएशन ने इस फैसले पर संतोष जताते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को आखिरकार न्याय मिला है. बाहा कैलिफोर्निया राज्य के अटॉर्नी जनरल कार्यालय ने शुरुआत में दोषियों के लिए 210 साल की सजा की मांग की थी. पीड़ितों के परिजनों ने फैसले को अपने प्रियजनों के न्याय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है.