खाद की किल्लत पर भड़के विधायक ब्यास कश्यप
जांजगीर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में खरीफ सीजन की दस्तक के साथ ही जांजगीर-चांपा जिले में यूरिया और डीएपी खाद की भारी किल्लत को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. स्थानीय किसानों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक ब्यास कश्यप ने अब सीधे तौर पर मोर्चा संभाल लिया है.
उन्होंने इस पूरे मामले को लेकर कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल परदेशी को एक सख्त शिकायती पत्र भेजा है, जिसमें सहकारी समितियों में चल रही अव्यवस्थाओं को उजागर किया गया है.
विधायक ने अपने पत्र के जरिए आरोप लगाया है कि एक तरफ जहां सहकारी समितियों से गरीब, छोटे और सीमांत किसानों को स्टॉक खत्म होने का हवाला देकर खाली हाथ वापस भेजा जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ खुले बाजार में खाद की धड़ल्ले से कालाबाजारी हो रही है.
निजी दुकानों और खुले बाजार में यही यूरिया और डीएपी सरकारी तय दरों से काफी ज्यादा कीमतों पर बेची जा रही है. उन्होंने समितियों में वितरण के दौरान हो रहे पक्षपात और इस अवैध खेल की निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है ताकि अन्नदाताओं को राहत मिल सके.