केरल में छत्तीसगढ़िया मजदूर की हत्या: छत्तीसगढ़ सरकार ₹5 लाख सहायता देगी
केरल में प्रवासी मजदूर की हत्या: छत्तीसगढ़ सरकार ₹5 लाख सहायता देगी
रायपुर । संवाददाता: केरल के पलक्कड़ जिले में छत्तीसगढ़ के प्रवासी मजदूर रामनारायण बघेल की अमानवीय हत्या पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक और संवेदना व्यक्त की है. मृतक रामनारायण बघेल ग्राम करही, तहसील हसौद, जिला सक्ती के निवासी थे.
मुख्यमंत्री ने इस घटना को अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और सभ्य समाज के मूल्यों के खिलाफ बताते हुए कहा कि किसी भी निर्दोष नागरिक के साथ इस तरह की हिंसा मानवता को शर्मसार करने वाली है. उन्होंने स्पष्ट किया कि छत्तीसगढ़ सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवार के साथ पूरी संवेदनशीलता और मजबूती से खड़ी है.
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पीड़ित परिवार को ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है. साथ ही मृतक के परिजनों को तत्काल केरल भेजने तथा रामनारायण बघेल के पार्थिव शरीर को सम्मानपूर्वक उनके गृह ग्राम लाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. पार्थिव शरीर को कल हवाई मार्ग से छत्तीसगढ़ लाया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने केरल सरकार से इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है, ताकि भविष्य में इस तरह की अमानवीय घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार अपने नागरिकों की सुरक्षा, सम्मान और न्याय के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा.