रायगढ़ में 8 प्रमुख ट्रेनों के स्टॉपेज के लिए सौंपा मांग-पत्र
रायपुर । संवाददाता: रायगढ़वासियों की लंबे समय से चली आ रही रेल सुविधाओं की मांग और यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने नई दिल्ली में रेलवे बोर्ड के चेयरमैन सतीश कुमार से मुलाकात की. इस मुलाकात के दौरान उन्होंने रायगढ़ रेलवे स्टेशन पर पुणे हमसफर और वास्को डिगामा समेत 8 प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर चेयरमैन को एक औपचारिक मांग-पत्र सौंपा.
सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने रेलवे बोर्ड चेयरमैन का ध्यान रायगढ़ के बढ़ते औद्योगिक और व्यावसायिक महत्व की ओर आकर्षित करते हुए कहा कि रायगढ़ छत्तीसगढ़ का एक प्रमुख आर्थिक केंद्र है. यहाँ से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग व्यापार, रोजगार, उच्च शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के सिलसिले में देश के अलग-अलग हिस्सों में यात्रा करते हैं.
रायगढ़ स्टेशन पर इन महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव शुरू होने से क्षेत्र के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और उनका आवागमन बेहद सुगम हो जाएगा.
रेल सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए सांसद ने रायगढ़ के ऐतिहासिक योगदान का भी स्मरण कराया. उन्होंने कहा कि रायगढ़ के विकास और रेल नेटवर्क के विस्तार के लिए यहाँ के पूर्वजों ने अपनी कीमती ज़मीनें तक दान की थीं.
ऐसे में क्षेत्र की जनता की रेल संबंधी जायज मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करना जनहित में बेहद आवश्यक है. उन्होंने चेयरमैन से आग्रह किया कि रायगढ़ की यात्री आवश्यकताओं और औद्योगिक महत्ता को देखते हुए ट्रेनों के ठहराव पर जल्द से जल्द सकारात्मक निर्णय लिया जाए, जिससे क्षेत्र के आर्थिक, औद्योगिक और सामाजिक विकास को नई गति मिल सके.
अपनी इस दिल्ली यात्रा के दौरान सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने सांसद जगदंबिका पाल से भी सौजन्य मुलाकात की और विभिन्न जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा की. सांसद सिंह ने दोहराया कि रायगढ़ की जनता की बुनियादी सुविधाओं और क्षेत्र का समग्र विकास उनकी पहली प्राथमिकता है और वे इस तरह के जनहित के मुद्दों को संसद तथा संबंधित मंत्रालयों के समक्ष लगातार उठाते रहेंगे.