मयूरभंज DMF फंड घोटाला: छत्तीसगढ़ से बिल्डर ब्रजेश मिश्रा गिरफ्तार
भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने मयूरभंज जिले के जिला खनिज फाउंडेशन फंड से हुई लगभग 9.6 करोड़ रुपये की बड़ी धोखाधड़ी के मामले में एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है. ईओडब्ल्यू की टीम ने इस मामले में संलिप्त बिल्डर ब्रजेश मिश्रा को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया और फिर ट्रांजिट रिमांड पर भुवनेश्वर लाया गया है.
इस कार्रवाई से एक ऐसे अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ है जो पिछले चार वर्षों से ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में सक्रिय है.
जांच के अनुसार, यह पूरा मामला बारीपदा स्थित एक राष्ट्रीयकृत बैंक के मुख्य प्रबंधक द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद सामने आया. अप्रैल 2024 में जालसाजों के एक नेटवर्क ने मयूरभंज जिला परिषद के तहत आने वाले DMF ट्रस्ट खाते से 'क्लोन चेक' का उपयोग करके 9.56 करोड़ रुपये की राशि अवैध रूप से निकाल ली थी.
जांच अधिकारियों ने खुलासा किया कि ठगी गई राशि में से 98 लाख और 49 लाख रुपये ब्रजेश मिश्रा की दो निर्माण कंपनियों के बैंक खातों में भेजे गए थे. इसमें से 14.19 लाख रुपये सीधे उसके व्यक्तिगत खाते में स्थानांतरित किए गए थे, जबकि बाकी रकम को पहचान छिपाने के उद्देश्य से कई अन्य खातों में बांट दिया गया था.
ईओडब्ल्यू की सतर्कता के कारण अब तक करीब 5.04 करोड़ रुपये की राशि को बीच में ही रोकने में सफलता मिली है, जबकि 33 अलग-अलग बैंक खातों में जमा 13.56 लाख रुपये को फ्रीज कर दिया गया है.
पुलिस इस मामले में पहले ही तीन अन्य आरोपियों पोमेश तेम्भरे, घनश्याम आहूजा और अजमीर मोंडल को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार कर चुकी है. अब पुलिस की प्राथमिकता गिरोह के मुख्य सरगना तक पहुँचने की है, जिसके लिए ब्रजेश मिश्रा से मिली लीड्स के आधार पर पड़ोसी राज्यों में छापेमारी की तैयारी की जा रही है.