ऑयल फैक्ट्री में भीषण आग, कई किलोमीटर तक धुआं ही धुआं
रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में गुरुवार को भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया. आग औद्योगिक क्षेत्र के फेस वन में टायर जलाकर ऑयल बनाने वाली फैक्ट्री में लगी है.
करीब आधा दर्जन दमकल की गाड़ी आग बुझाने में लगी हैं, फिर भी आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पाया जा सका है. आग बार-बार भड़कती जा रही है.
पहले तो आग के गुबार दूर तक दिखाई दे रहे थे. आग पर काबू पाने की कोशिश के बाद आसमान में दो-तीन किलोमीटर तक धुंआ ही धुंआ नजर आ रहा है.
फैक्ट्री में काम करने वाले श्रमिकों के मुताबिक फैक्ट्री में सुबह से आग लगी है. आग ने धीरे-धीरे पूरी फैक्ट्री को अपने चपेट में ले लिया था.
बताया गया कि फैक्ट्री में आग बुझाने फायर सिस्टम नहीं है. जिसके चलते पानी से आग बुझाने का प्रयास किया गया.
जब आग नहीं बुझी तब दमकल की गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया. साथ ही घटना की सूचना पुलिस को दी गई.
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है. आधा दर्जन दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं.
आसपास के क्षेत्र में काला धुआं उठ रहा है. किसी के हताहत होने की खबर अब तक नहीं मिली है.
बताया गया कि इसी फैक्ट्री के पीछे सड़क के दूसरी ओर कुछ ही दूरी पर आईओसी का वाटलिंग रिफिलिंग प्लांट भी है.
जहां घरेलू और कामर्शियल सिलेंडरों में गैस रिफिल होती है. कैप्सूल टैंकरों से गैस यहां आती है.
दूसरी ओर इस क्षेत्र में टायर जलाकर ऑयल बनाने वाली करीब आधा दर्जन फैक्ट्रियों के कारण आसपास के लोग काफी परेशान हैं.
लोगों का कहना है कि उन्हें सांस लेने में भी मुश्किल हो रही है. टायर जलाकर ऑयल बनाने के दौरान आसपास के दर्जनभर गांवों तक इसकी दुर्गंध से लोग परेशान रहते हैं.