शहीद आकाश राव: राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने शोक जताया
एएसपी आकाश राव गिरीपुंजे के शहीद होने पर राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने गहरा शोक जताया है.
रायपुर । संवाददाता : नक्सली हमले में एएसपी आकाश राव गिरीपुंजे के शहीद होने पर राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री ने गहरा शोक जताया है. छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सुकमा जिले के कोंटा में नक्सलियों द्वारा किये गये कायरतापूर्ण आईईडी विस्फोट में एएसपी आकाश राव गिरीपुंजे जी के शहीद होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया है. मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह अत्यंत ही दुखद है. मैं उनकी शहादत को नमन करता हूँ.
राज्यपाल रमेन डेका ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोक संतप्त परिवार को इस दुःख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की. राज्यपाल ने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की है.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस कायराना हमले में कुछ अन्य अधिकारी एवं जवानों के भी घायल होने की सूचना मिली है. उन्होंने कहा कि घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिये गये हैं.
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सुरक्षा बलों द्वारा एक बड़ी लड़ाई लड़ी जा रही है, जिसमें सुरक्षा बलों को लगातार सफलता मिल रही है. इसी से बौखलाकर नक्सली इस तरह की कायराना करतूतों को अंजाम दे रहे हैं. नक्सलियों को इसका परिणाम भुगतना होगा. वह दिन अब ज्यादा दूर नहीं, जब छत्तीसगढ़ से इनका अस्तित्व ही समाप्त कर दिया जायेगा.