जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान का विवाह
जम्मू-कश्मीर के सीएम उमर अब्दुल्ला ने वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान के साथ रचाई शादी; सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा—"कल एक नई यात्रा शुरू हुई".
नई दिल्ली । डेस्क: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान के साथ नई दिल्ली में विवाह रचाया है. दोनों ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए अपने विवाह की तस्वीरें साझा कर इस बात की पुष्टि की.
पीटीआई (PTI) के अनुसार, दोनों का विवाह शुक्रवार को विशेष विवाह अधिनियम (Special Marriage Act) के तहत संपन्न हुआ, जिसमें दोनों परिवारों के सदस्य गवाह बने.
इस अवसर पर उमर अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "कल एक नई यात्रा शुरू हुई." वहीं निधि राजदान ने 'एक्स' पर "इट्स डन ब्रो" लिखा. दोनों ने अपनी-अपनी पोस्ट में रिंग (अंगूठी) इमोजी के साथ एक-दूसरे को टैग किया. उमर अब्दुल्ला ने अपनी पोस्ट में कपल की चार तस्वीरें साझा की हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, श्रीनगर और नई दिल्ली में आयोजित विवाह कार्यक्रमों में दोनों पक्षों के परिवार वाले और करीबी रिश्तेदार मौजूद रहे. उपस्थिति दर्ज कराने वालों में उमर अब्दुल्ला के पिता फारूक अब्दुल्ला, मां मॉली, उनकी तीनों बहनें, तथा निधि राजदान के माता-पिता वरिष्ठ पत्रकार एम. के. राजदान और सरला राजदान शामिल थे.
यह घोषणा सुप्रीम कोर्ट द्वारा 31 जुलाई को आपसी सहमति और समझौते के आधार पर उमर अब्दुल्ला और पायल अब्दुल्ला के बीच तलाक की मंजूरी दिए जाने के तीन महीने बाद आई है. 1994 में परिणय सूत्र में बंधे उमर और पायल अब्दुल्ला के दो बेटे ज़ाहिर और ज़मीर अब्दुल्ला हैं. सुप्रीम कोर्ट के आदेश में कहा गया था कि वे 2011 से अलग रह रहे थे और उनका विवाह स्थायी रूप से टूट चुका था.
56 वर्षीय उमर अब्दुल्ला और 49 वर्षीय निधि राजदान दोनों का यह दूसरा विवाह है. एनडीटीवी की पूर्व एग्जीक्यूटिव एडिटर और न्यूज एंकर रहीं निधि राजदान का पहला विवाह पत्रकार व गीतकार नीलेश मिश्रा के साथ 2005 में हुआ था और 2007 में उनका तलाक हो गया था.