छत्तीसगढ़ में 26 माओवादी मारे गए
नारायणपुर | संवाददाता: छत्तीसगढ़ के माओवाद प्रभावित नारायणपुर में सुरक्षाबलों ने 26 से अधिक माओवादियों के मारे जाने का दावा किया है. इस मुठभेड़ में एक पुलिस सहयोगी के भी मारे जाने की ख़बर है.
राज्य के गृहमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि ओरछा के इलाके में पिछले 52 घंटों से भी अधिक समय से मुठभेड़ चल रही थी, जिसके बाद आज 26 माओवादियों के मारे जाने की खबर मिली है.
उन्होंने कहा कि हमारे सुरक्षाबल के जवानों के भुजाओं के बल पर हम छत्तीसगढ़ को नक्सलमुक्त करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं.
मारे गए माओवादियों में बड़े कैडर के भी शामिल होने की शंका व्यक्त की जा रही है.
नारायणपुर एसपी प्रभात कुमार ने मुठभेड़ की पुष्टि की है.
बताया जा रहा है कि सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि अबूझमाड़ के बोटेर के जंगल में माओवादी संगठन के बड़े नेता बसवा राजू सहित बड़ी संख्या में माओवादी मौजूद हैं.
इसी सूचना के आधार पुलिस ने एक बड़ा ऑपरेशन लॉच किया. प्रदेश के चार जिला नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर और कोंडागांव से पुलिस जवानों के साथ डीआरजी के जवानों को सर्चिंग के लिए रवाना किया गया.
जवानों ने बुधवार सुबह से ही माओवादियों को घेर लिया. जिसके बाद से लगातार दोनों ओर से गोलीबारी हो रही है.
पुलिस का दावा है कि अभी तक इस मुठभेड़ में 20 से अधिक माओवादी मारे जा चुके हैं. यह संख्या और बढ़ सकती है. क्योंकि मुठभेड़ अभी भी जारी है. मारे गए माओवादियों के पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं.
सूचना मिल रही है कि इस मुठभेड में माओवादी लीडर बसवराजू, जैसे कई बड़े सदस्य फंसे हुए हैं.
इनमें से ज्यादातर तेलंगाना कैडर के हैं जिन पर 1 से डेढ़ करोड़ रुपए का इनाम जारी है.