मनेंद्रगढ़: आवारा कुत्तों का खौफ, अगस्त में 268 लोग पहुंचे इलाज कराने
मनेन्द्रगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में आवारा कुत्तों का आतंक तेजी से पैर पसार रहा है, जिससे स्थानीय निवासियों में डर का माहौल है. इस गंभीर स्थिति की तस्दीक मनेंद्रगढ़ स्थित 220 बिस्तरीय शासकीय सिविल अस्पताल की हालिया मासिक रिपोर्ट से होती है.
आंकड़ों के अनुसार, बीते अगस्त महीने में अस्पताल में कुल 615 मरीज भर्ती हुए, जिनमें से 268 मरीज केवल डॉग बाइट यानी कुत्ते के काटने के इलाज के लिए पहुंचे थे. भर्ती मरीजों की इस भारी संख्या ने शहर में आवारा पशुओं के नियंत्रण की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
सड़कों और मुहल्लों में घूमते आवारा कुत्तों के झुंड के कारण सबसे अधिक खतरा छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पैदल चलने वाले राहगीरों पर मंडरा रहा है.
आए दिन सामने आ रही घटनाओं के बाद शहरवासियों ने स्थानीय निकाय और प्रशासन से आवारा कुत्तों की बढ़ती आबादी पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है.
नागरिकों का कहना है कि किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार करने के बजाय प्रशासन को नसबंदी और टीकाकरण जैसे प्रभावी उपाय तुरंत लागू करने चाहिए. इसके साथ ही, अस्पतालों में एंटी-रेबीज वैक्सीन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करना भी बेहद जरूरी हो गया है ताकि पीड़ितों को समय पर सही उपचार मिल सके.