शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

महतारी वंदनः 15 अगस्त से जुड़ेंगे नए नाम

H

Hupendra Sharma

13 अग. 2025, 08:02 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

महतारी वंदन
महतारी वंदन

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं के लिए खुशखबरी है. इस योजना के लिए एक बार फिर आवेदन प्रक्रिया शुरू होने जा रही है.


15 अगस्त से फॉर्म भरने की शुरुआत होगी. फिलहाल इसकी शुरुआत बस्तर जिले से होगी. इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है.


इस योजना से वंचित महिलाएं आवेदन प्रक्रिया फिर से शुरू होने का काफी दिनों से इंतजार कर रहीं थी. हालांकि इस योजना को लेकर अब कांग्रेस ने सवाल खड़े किए हैं.


मिली जानकारी के अनुसार बस्तर संभाग के नियद नेल्ला नार योजना से जुड़े गांवों की छूटी हुई महिलाओं को इस योजना में शामिल किया जाएगा.


आवेदन की प्रक्रिया 15 से 31 अगस्त तक चलेगी. इसके बाद 15 सितंबर तक सेक्टर से लेकर जिला स्तर पर आवेदनों का सत्यापन किया जाएगा.


महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक पीएस एल्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री ने 23 जुलाई को विभागीय समीक्षा बैठक में इस प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के निर्देश दिए थे.


सत्यापन के बाद 16 से 25 सितंबर तक सभी आवेदनों को वेब पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा.


प्रशासन का कहना है कि इस बार कोई भी पात्र महिला योजना से वंचित नहीं रहेगी.


कांग्रेस ने खड़े किए सवाल

कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर ने महतारी वंदन योजना का आवेदन सिर्फ बस्तर संभाग में शुरू करने पर सवाल खड़े किए हैं.


उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े से पूछा है कि बस्तर के अलावा बाकी संभाग की महिलाएं भी महतारी वंदन योजना में आवेदन करने इंतजार कर रही हैं. नगर निगम चुनाव के दौरान उन्होंने वादा किया था कि महतारी वंदन योजना से वंचित महिलाओं को फिर आवेदन का अवसर मिलेगा, फिर महतारी वंदन योजना की शुरुआत सिर्फ बस्तर संभाग के लिए क्यों?


उन्होंने कहा है कि रायपुर, दुर्ग, सरगुजा, और बिलासपुर संभाग की महिलाओं के साथ भेदभाव क्यों? चुनाव के दौरान बड़े-बड़े वादा करना और सत्ता मिलने के बाद धोखा देना भाजपा का चरित्र है.


उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार 15 अगस्त से महतारी वंदन योजना का आवेदन पूरे प्रदेश में एक साथ लेने का निर्देश दें.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP