प्रेमी जोड़े ने रील बनाने के बाद की आत्महत्या
बीजापुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में एक प्रेमी जोड़े ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मंगलवार को दोनों का शव जंगल में पेड़ से लटकते हुए मिला. जान देने से पहले दोनों ने रील बनाई थी. जिसका खुलासा मौके से बरामद मोबाइल से हुआ है.
जिला मुख्यालय बीजापुर से लगे ग्राम तुरनाम के जंगल में मंगलवार को ग्रामीणों ने युवक-युवती का शव पेड़ पर लटकते हुए देखा.
ग्रामीण सब्जी के लिए जंगल गए हुए थे. उसी दौरान तेज बदबू आने पर वे मौके पर पहुंचे. इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी.
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर मामले की जांच शुरू की.
बीजापुर कोतवाली थाना प्रभारी दुर्गेश शर्मा ने बताया कि मामला प्रेम-प्रसंग का है. इस मामले से संबंधित पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं.
मौके से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है. इस मोबाइल में एक रिकॉर्ड किया गया वीडियो मिला है. वीडियों में दोनों युवक-युवती दिख रहे हैं. जिसे संभवतः आत्महत्या से पहले बनाया गया था.
पुलिस ने परिजनों को बुलाकर शवों की शिनाख्त करवाई. युवक की पहचान जगदलपुर जिले के तुरंगूर निवासी शंकर मड़वी के रूप में हुई है, जबकि युवती बीजापुर जिले के भैरमगढ़ ब्लॉक की रहने वाली है.
युवती नाबालिग है. दोनों 15 अगस्त से लापता थे. शवों को पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है.
पुलिस मामले की जांच कर रही है और मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.