घर में घुसा तेंदुआ, किया कुत्ते का शिकार
कांकेर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के रिहायशी इलाके में तेंदुए की धमक से लोगों में दहशत है. सोमवार की रात साल्हेटोला के एक घर में घुसकर तेंदुए ने पालतू कुत्ते का शिकार किया.
इससे पहले पार्षद के घर तेंदुआ घुस गया था. एक सप्ताह के अंदर घरों में तेंदुआ आने की यह तीसरी घटना है.
जानकारी के मुताबिक घटना ग्राम बाबू सालेटोला की है. सोमवार की रात करीब दो बजे के आसपास सालेटोला निवासी धर्मेश साहू के घर की दीवार फांदकर तेंदुआ घर में घुसा.
तेंदुए ने आंगन में बैठे कुत्ते पर काफी तेजी से हमला किया. तेंदुए ने जबड़े से दबोच कर कुत्ते को मार डाला, फिर मुंह में दबाकर वापस दीवार फांदकर भाग निकला.
यह पूरी घटना घर के बाहर सीसीटीवी में कैद हो गई. जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है.
धर्मेश साहू आज सुबह उठे तो पालतू कुत्ता गायब था और आंगन में खून बिखरा हुआ था. उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो पूरी घटना कैद थी.
किस प्रकार से तेंदुए ने कुत्ते का शिकार किया. कुत्ते ने भी काफी हद तक संघर्ष किया था.
उन्होंने इसकी सूचना वन विभाग को दी. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची.
वन विभाग तेंदुए की निगरानी में जुट गया है. आसपास लगे और सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है.
धर्मेश साहू ने बताया कि इससे पहले भी तेंदुआ दो-तीन बार उनके घर आ चुका है. इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत है. शाम ढलने के बाद लोग अपने घरों से निकलने में डर रहे हैं.