रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

मृतक छत्तीसगढ़ के श्रमिकों के परिजनों को 10 लाख की अतिरिक्त अनुग्रह राशि

C

CG Khabar

01 अग. 2026, 08:03 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

उमर अब्दुल्ला
उमर अब्दुल्ला

श्रीनगर । डेस्क: जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए कायराना आतंकी हमले में जान गंवाने वाले छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों के परिजनों के लिए बड़ी राहत राशि की घोषणा की है. मुख्यमंत्री ने 'मुख्यमंत्री राहत कोष' से पीड़ितों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि (एक्स-ग्रेशिया) देने का ऐलान किया है. 


यह सहायता राशि जिला प्रशासन द्वारा पहले से घोषित 6-6 लाख रुपये के मुआवजे के अतिरिक्त होगी, यानी पीड़ित परिवारों को कुल 16-16 लाख रुपये की सहायता मिलेगी.

विज्ञापन


मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने इस नृशंस हत्या की कड़े शब्दों में निंदा की है और निर्दोष लोगों की मौत पर गहरा शोक जताया है. उमर अब्दुल्ला ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और आश्वासन दिया कि दुख की इस कठिन घड़ी में सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है.


यह दर्दनाक हादसा शुक्रवार देर शाम कुलगाम के केलम इलाके में स्थित एक ईंट-भट्टे पर हुआ, जहां आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के रहने वाले दो युवा मजदूरों-दीपक रात्रे और भूपेंद्र पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं. 


अधिकारियों के मुताबिक, 20-25 वर्ष की उम्र के इन दो मजदूरों में से दीपक रात्रे ने अस्पताल ले जाने से पहले ही दम तोड़ दिया था, जबकि गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र को पहले जीएमसी अनंतनाग और फिर सौरा के स्किम्स (SKIMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने भी अंतिम सांस ली. इस कायराना हमले के बाद से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP