कोरबा: बाइक गुम होने के तनाव में युवक ने की आत्महत्या
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में वाहन खो जाने से उपजे मानसिक तनाव के कारण एक युवक ने खौफनाक कदम उठा लिया. बांकी मोंगरा थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम बलगीखार में 27 वर्षीय दीपक कंवर ने अपने ही घर के कमरे में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली.
सोमवार की सुबह जब देर तक दीपक अपने कमरे से बाहर नहीं आया, तो चिंतित परिजनों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा. भीतर का नजारा देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई; दीपक का शव पंखे से बंधे फंदे पर झूल रहा था.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारा.
शुरुआती पुलिस जांच में कमरे से किसी तरह का सुसाइड नोट नहीं मिला है, हालांकि पुलिस ने पंचनामा तैयार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अविवाहित दीपक मजदूरी करके अपना जीवन-यापन करता था.
कुछ दिन पूर्व वह दर्री क्षेत्र गया हुआ था, जहां अत्यधिक शराब के सेवन की वजह से वह अपनी मोटरसाइकिल कहीं रखकर भूल गया.
काफी खोजबीन के बाद भी जब गाड़ी का कोई सुराग नहीं मिला, तो वह गहरे अवसाद में चला गया था. परिजनों के अनुसार, रविवार की रात भी वह शराब के नशे में घर लौटा, खाना खाया और सोने चला गया था. किसी को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि दीपक बाइक खोने के गम में ऐसा आत्मघाती कदम उठा लेगा.