रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: विवाद के बाद पत्नी का सिर कुचलकर हत्या

C

CG Khabar

09 सित. 2026, 11:30 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

हत्या
हत्या

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में पाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले शांति बस्ती (वार्ड नंबर-9) में एक पति ने मामूली विवाद के बाद अपनी ही पत्नी की नृशंस हत्या कर दी. घटना बुधवार तड़के 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है.


मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी रमेश डोंगरे (40 वर्ष) अपनी पत्नी बंधन कुंवर (39 वर्ष) के घर में ही रह रहा था. दोनों की ही यह दूसरी शादी थी और उनके कोई बच्चे नहीं थे. पिछले कुछ समय से रमेश एक नया घर बनाकर वहां शिफ्ट होने का दबाव बना रहा था, लेकिन उसकी पत्नी इसका लगातार विरोध कर रही थी. बुधवार की सुबह इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई.

विज्ञापन


झगड़े के दौरान आरोपी रमेश आपा खो बैठा और उसने घर में रखे सीमेंट के भारी-भरकम डंबल से अपनी पत्नी के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया. प्रहार इतना घातक था कि बंधन कुंवर की मौके पर ही तड़प-तड़पकर मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी वहीं मौजूद रहा. पड़ोसियों को जैसे ही इस घटना की भनक लगी, उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को सूचित किया.


सूचना मिलते ही पाली थाना पुलिस और फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. FSL टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य और जरूरी सबूत एकत्रित किए. इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आरोपी रमेश डोंगरे को हिरासत में ले लिया. 


कड़ाई से की गई पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. पुलिस ने उसके खिलाफ हत्या की सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP