कोरबा: भालू के हमले से ग्रामीणों ने बचाई मासूमों की जान
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लेमरू वन क्षेत्र के पास स्थित छातीबहार गांव में रविवार की शाम कोरवा जनजाति के दो मासूम बच्चों पर जंगल के पास भालू ने हमला कर दिया. इस हादसे में घायल हुए 13 वर्षीय सोनू और 8 वर्षीय मुकेश को तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है.
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर कार से पहुंचे एक गैर-सरकारी संस्था (NGO) के सदस्य गांव में कोरवा परिवारों को कपड़े बांट रहे थे. इस दौरान उन्हें नजदीक की गुफाओं में प्राचीन शैलचित्र मौजूद होने की जानकारी मिली.
शैलचित्र देखने की उत्सुकता में संस्था के सदस्य गांव के दो बच्चों सोनू और मुकेश को रास्ता दिखाने के बहाने अपने साथ ले गए. गुफा के पास अचानक झाड़ियों से निकलकर भालू ने उन पर हमला कर दिया. भालू को सामने देखते ही NGO के सदस्य दोनों मासूम बच्चों को वहीं असहाय छोड़कर भाग निकले.
चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और भारी शोर मचाकर भालू को खदेड़ते हुए बच्चों की जान बचाई. बच्चों को लावारिस छोड़कर भाग रहे संस्था के सदस्यों को ग्रामीणों ने गांव में रोकने की कोशिश की, लेकिन वे कार तेज रफ्तार में भगाकर निकल गए, जिससे आक्रोशित होकर लोगों ने गाड़ी पर पथराव भी कर दिया.
फिलहाल घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम मामला दर्ज कर NGO के सदस्यों और उनकी गाड़ी की पतासाजी में जुट गई है.