कोरबा: ट्रक की चपेट में आने से दो दोस्तों की दर्दनाक मौत
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मंगलवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं. कटघोरा थाना अंतर्गत जेन्जरा बायपास मार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. इस जबरदस्त भिड़ंत में बाइक सवार दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
मृतकों की पहचान घुंचापुर निवासी कृष्णा दास (22) और साखो गांव के रहने वाले बिहारी लाल यादव (24) के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों युवक बचपन के गहरे दोस्त थे और किसी निजी काम से कटघोरा गए हुए थे. लौटते समय जेन्जरा मार्ग पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया.
टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवकों के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी तत्काल मृत्यु हो गई.
दुर्घटना के बाद चालक ने वाहन समेत भागने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीणों की सक्रियता और पुलिस की तत्परता से ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया गया है. पुलिस ने पंचनामा के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी गई है.