बुध, 21 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: रावण दहन कार्यक्रम के दौरान चाकूबाजी, युवक की मौत

मुड़ापार दशहरा मैदान में साउंड बॉक्स पर डांस को लेकर हुए विवाद के बाद युवक की हत्या कर दी गई. लाइव वीडियो के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को दबोच लिया.

C

CG Khabar

21 अक्टू. 2026, 06:34 PM 2 मिनट में पढ़ें 21

हत्या
हत्या

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में मानिकपुर चौकी क्षेत्र स्थित मुड़ापार मैदान में आयोजित रावण दहन कार्यक्रम के दौरान हुए खूनी संघर्ष में एक 22 वर्षीय युवक की जान चली गई. मृतक की पहचान राहुल कुमार उर्फ गोल्डन के रूप में हुई है. घटना के वक्त मुख्य अतिथि के तौर पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन का आगमन होना था, लेकिन उनके पहुंचने से ठीक पहले मैदान में यह खौफनाक वारदात घटित हो गई.

इस जघन्य हत्याकांड का एक लाइव वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की. मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले के निर्देशन में पुलिस टीम और फोरेंसिक विशेषज्ञों ने मौके से साक्ष्य जुटाए. 

पुलिस ने रातभर दबिश देकर हत्या में शामिल तीन आरोपियों बिट्टू चौहान, विजय चौहान और सीपू चौहान को गिरफ्तार कर लिया. आरोपियों को कड़ा सबक सिखाने के लिए पुलिस ने उनका आधा सिर मुंडवा दिया. घटना में प्रयुक्त धारदार हथियार जब्त कर लिया गया है, जबकि एक अन्य फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है.

मिली जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत मैदान में लगे साउंड सिस्टम पर डांस करने को लेकर हुई. डांस के दौरान राहुल कुमार और आरोपी बिट्टू चौहान के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई. राहुल ने बिट्टू और बीच-बचाव में आए उसके साथी विजय चौहान को थप्पड़ मार दिया. 

इससे आक्रोशित होकर बिट्टू, विजय और सीपू चौहान ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर राहुल को रावण दहन स्थल के पीछे स्थित एक सुनसान गली में ले जाकर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमले कर दिए.

अचानक हुए इस हमले से कार्यक्रम स्थल पर भगदड़ मच गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल राहुल को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल मानिकपुर चौकी पुलिस मामले की आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP