बुध, 21 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: 24 घंटे के भीतर 4 भीषण हादसों में 5 लोगों की मौत, 2 घायल

विजयदशमी पर कोरबा जिले में तेज रफ्तार और नशे के कहर ने 5 जिंदगियों को छीन लिया. 24 घंटे में हुए 4 अलग-अलग हादसों से त्यौहार की खुशियां मातम में तब्दील हो गईं.

C

CG Khabar

21 अक्टू. 2026, 06:59 PM 2 मिनट में पढ़ें 22

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में विजयदशमी का पर्व परिवारों के लिए गहरा शोक लेकर आया. बीते 24 घंटों के दौरान जिले के अलग-अलग हिस्सों में हुए 4 भीषण सड़क हादसों में कुल 5 लोगों ने अपनी जान गंवा दी, जबकि 2 अन्य लोग गंभीर रूप से चोटिल हुए हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में दुर्घटनाओं की मुख्य वजह वाहनों की अनियंत्रित रफ्तार और नशे की हालत में ड्राइविंग को माना जा रहा है.

हादसों की इस कड़ी में करतला थाना क्षेत्र के रामपुर-नोनबिर्रा मार्ग पर मंगलवार शाम दुर्गा विसर्जन के उपरांत लौट रहे एक ही परिवार के दो युवकों, 24 वर्षीय यशवंत गुप्ता और 20 वर्षीय शुभम गुप्ता की इलेक्ट्रिक स्कूटी को एक तेज रफ्तार अज्ञात भारी वाहन ने रौंद दिया, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. 

वहीं, बरपाली के भालू मोड़ पर बुधवार सुबह टोचन कर बाइक ले जा रहे युवकों को पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें एक और युवक की जान चली गई.

इसी तरह कटघोरा थाना क्षेत्र में भी दो पृथक दुर्घटनाएं दर्ज की गईं. मंगलवार की शाम अपनी मोबाइल शॉप बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे दर्री निवासी राकेश कुमार रजक छुरी हाईस्कूल के समीप ट्रेलर की चपेट में आ गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. 

इसके अलावा, मंगलवार रात दशहरा मेले से वापस आ रहे जुराली निवासी रवि गौड़ा को एक बस ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद साथी गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने मामलों की पुष्टि करते हुए बताया कि कटघोरा क्षेत्र में तीन और करतला में दो लोगों की मौत हुई है. पुलिस ने सभी मामलों में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. दुर्घटनाओं के बाद मौके से फरार हुए वाहनों की पहचान व तलाश के लिए सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP