छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: पूर्व कप्तान सरदार सिंह बोले- युवाओं को मिलेगा राष्ट्रीय मंच
छत्तीसगढ़ में प्रतिभाओं को निखारने के लिए 'छत्तीसगढ़ हॉकी लीग' (CHL) का आगाज हो रहा है. पद्मश्री सरदार सिंह और केंद्रीय मंत्री रक्षा खड़से ने उम्मीद जताई कि यह लीग राज्य से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार करने में मील का पत्थर साबित होगी.
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ में हॉकी की युवा प्रतिभाओं को एक नया मंच प्रदान करने के उद्देश्य से 'छत्तीसगढ़ हॉकी लीग' (CHL) की स्थापना की गई है. भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित सरदार सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि यह आयोजन राज्य से ऐसे प्रतिभावान खिलाड़ी तैयार करने में मदद करेगा जो आगे चलकर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे.
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सरदार सिंह ने छत्तीसगढ़ सरकार, छत्तीसगढ़ हॉकी एसोसिएशन और वरिष्ठ खिलाड़ियों के सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि जिस तरह हॉकी इंडिया लीग ने देश के युवा खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन अवसर बनाए थे, ठीक उसी तरह यह लीग भी छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए एक नया और मजबूत मंच साबित होगी. लगातार ऐसे आयोजनों से राज्य से भी विश्वस्तरीय खिलाड़ी निकलकर सामने आएंगे.
इस अवसर पर केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्य मंत्री रक्षा खड़से ने भी लीग के आयोजन का स्वागत किया. उन्होंने देश भर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि हॉकी में हमारी पुरुष और महिला टीमों के शानदार प्रदर्शन से युवाओं में भारी उत्साह है.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि आने वाले समय में खेल विकास का एक प्रमुख संकेतक बनेंगे.
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के इस उद्घाटन सीजन की शुरुआत 22 अक्टूबर को रायपुर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में राजधानी रॉयल्स और न्यायधानी नाइट्स के बीच खेले जाने वाले मुकाबले से होगी. 1 नवंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में कुल छह टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनके बीच 18 मैच खेले जाएंगे.