रणजी ट्रॉफी: पंजाब ने छत्तीसगढ़ को 7 विकेट से हराया, आयुष पांडे का शतक जीता न सका
आयुष पांडे की 111 रनों की शानदार शतकीय पारी भी छत्तीसगढ़ को पंजाब के हाथों मिली 7 विकेट की हार से नहीं बचा सकी. पंजाब ने दूसरी पारी में मिले 86 रनों के लक्ष्य को आसानी से हासिल कर जीत दर्ज की.
न्यू चंडीगढ़ । डेस्क: रणजी ट्रॉफी के दूसरे दौर के मुकाबले में पंजाब ने छत्तीसगढ़ को सात विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की. न्यू चंडीगढ़ स्थित नए पीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मैच में छत्तीसगढ़ की टीम मैच के अंतिम सत्रों में अपनी ही गलतियों के कारण मुकाबले से बाहर हो गई और पंजाब ने आसान जीत हासिल कर ली.
छत्तीसगढ़ की दूसरी पारी में सलामी बल्लेबाज आयुष पांडे ने 111 रनों (252 गेंद, 16 चौके, 2 छक्के) की जुझारू पारी खेली. उन्होंने सुबह के सत्र में पंजाब के स्पिनरों का डटकर सामना किया और अकेले दम पर अपनी टीम को संभाला.
मध्यक्रम में धर्मेंद्र जडेजा (47 रन) और अजय मंडल (45 रन) ने सातवें विकेट के लिए 84 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को उबारने की कोशिश की. इसके अलावा चोटिल होने के बावजूद अमनदीप खरे ने मैदान पर वापसी की और 62 रनों का योगदान दिया.
हालांकि, महत्वपूर्ण मोड़ पर खिलाड़ियों का गलत शॉट चयन और आयुष पांडे का रन आउट होना छत्तीसगढ़ को भारी पड़ गया. पूरी टीम दूसरी पारी में 335 रनों पर सिमट गई, जिससे पंजाब को जीत के लिए केवल 86 रनों का छोटा लक्ष्य मिला.
पंजाब की ओर से गेंदबाजी में हरजस टंडन और इमनजोत सिंह ने तीन-तीन विकेट हासिल किए, जबकि हरप्रीत ब्रार को दो सफलताएं मिलीं.
86 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही. धर्मेंद्र जडेजा और अजय मंडल ने केवल 14 रन के योग पर पंजाब के दोनों सलामी बल्लेबाजों को पवेलियन भेज दिया.
इसके बाद उदय सहारन ने नाबाद 40 रनों की संयमित पारी खेली और सलिल अरोड़ा (नाबाद 10 रन) के साथ मिलकर टीम को 16.5 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर जीत के दरवाजे तक पहुंचा दिया.