बुध, 21 अक्टू. 2026

CGKhabar

चंडीगढ़ के ताज होटल में छत्तीसगढ़ के कारोबारी दीपक मित्तल की मौत

चंडीगढ़ के सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में रायपुर के प्रसिद्ध कारोबारी दीपक कुमार मित्तल का शव अचेत अवस्था में मिला. कमरे से शराब और दवाइयां बरामद होने के बाद फॉरेंसिक टीम जांच में जुट गई है.

C

CG Khabar

21 अक्टू. 2026, 08:02 PM 2 मिनट में पढ़ें 29

चंंडीगढ़ पुलिस
चंंडीगढ़ पुलिस

चंडीगढ़ । डेस्क: चंडीगढ़ के पॉश इलाके सेक्टर-17 स्थित ताज होटल में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर निवासी कारोबारी दीपक कुमार मित्तल (56) का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ है. दीपक कुमार मित्तल पंजाब सरकार को राशन किट की आपूर्ति करने वाले एक बड़े ठेकेदार थे और राज्य में राइस मिलों के मालिक भी थे. 

वह राज्य विपणन कंपनी 'मार्कफेड' की एक अहम बैठक में शामिल होने के लिए दो दिन पहले चंडीगढ़ आए थे और इसी होटल में ठहरे हुए थे.

बुधवार को होटल के एक वेटर ने मित्तल को उनके कमरे में अचेत अवस्था में पड़ा देखा और तुरंत प्रबंधन को इसकी सूचना दी. इसके बाद उन्हें आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. 

घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सेक्टर-16 स्थित गवर्नमेंट मल्टी-स्पेशलिटी हॉस्पिटल (GMSH) के शवगृह में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके.

शुरुआती तफ्तीश के दौरान पुलिस को मृतक के कमरे से शराब की बोतलें और कुछ दवाइयां बरामद हुई हैं. इससे आशंका जताई जा रही है कि मौत अत्यधिक शराब के सेवन या फिर किसी दवा के ओवरडोज के कारण हुई हो सकती है. हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले मौत की वजह पर कोई भी आधिकारिक टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है.

मामले की जानकारी देते हुए चंडीगढ़ की एसएसपी कंवरदीप कौर ने बताया कि मृतक कारोबारी यहां अपने व्यावसायिक काम के सिलसिले में आए हुए थे. उन्होंने कहा कि मौत के कारणों के बारे में अभी स्पष्ट रूप से कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. 

पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मृतक के शरीर पर किसी भी तरह की चोट के बाहरी निशान नहीं मिले हैं. फॉरेंसिक टीम ने घटना स्थल से जरूरी साक्ष्य जुटा लिए हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP