बुध, 21 अक्टू. 2026

CGKhabar

राजनांदगांव: विजयादशमी पर शस्त्र पूजन, SP अंकिता शर्मा ने की हवाई फायरिंग

विजयादशमी पर राजनांदगांव में पुलिस महकमे द्वारा अस्त्र-शस्त्रों और वाहनों का पूजन किया गया, जहाँ SP अंकिता शर्मा का AK-47 से हर्ष फायर करते वीडियो चर्चा में है.

C

CG Khabar

21 अक्टू. 2026, 09:33 AM 2 मिनट में पढ़ें 25

पुलिस अधीक्षक अँकिता शर्मा
पुलिस अधीक्षक अँकिता शर्मा

राजनांदगांव । संवाददाता: विजयादशमी के पावन पर्व के उपलक्ष्य में छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव स्थित रक्षित आरक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) में विशेष शस्त्र पूजा समारोह का भव्य आयोजन किया गया. वैदिक पंडितों द्वारा उच्चारित मंत्रों के बीच पंडित-पुरोहितों ने विधि-विधान से पुलिस विभाग में प्रयुक्त होने वाले विभिन्न अस्त्र-शस्त्रों के साथ-साथ विभागीय वाहनों का पूजन-अनुष्ठान संपन्न कराया.

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही. धार्मिक अनुष्ठान पूरा होने के उपरांत, स्थापित परंपरा का पालन करते हुए SP अंकिता शर्मा ने पारंपरिक साड़ी पहनकर AK-47 राइफल से ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की और शस्त्र पूजन की रस्म पूरी की. IPS अधिकारी का यह हर्ष फायर का अंदाज अब सोशल मीडिया पर तेजी से सुर्खियां बटोर रहा है.

समारोह के समापन पर जिला पुलिस प्रमुख अंकिता शर्मा ने मीडिया के जरिए राजनांदगांव जिले के सभी निवासियों को विजयादशमी और दशहरा पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं. इस पारंपरिक पूजन कार्यक्रम के दौरान जिले के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, विभागीय कर्मचारी तथा जवान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे.

 पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा

छत्तीसगढ़ कैडर के 2018 बैच की आईपीएस अधिकारी अंकिता शर्मा मूल रूप से दुर्ग जिले की रहने वाली हैं. उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में 203वीं रैंक हासिल कर छत्तीसगढ़ राज्य की पहली महिला आईपीएस अधिकारी (डायरेक्ट रिक्रूट) बनने का गौरव प्राप्त किया था. 

गृह जिले में शुरुआती शिक्षा और कंप्यूटर साइंस में बी.टेक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने लोक सेवा के क्षेत्र में कदम रखा. अपने करियर की शुरुआत में ही बस्तर के नक्सल प्रभावित इलाकों में साहसिक अभियानों का नेतृत्व करके उन्होंने अपनी एक निडर और कड़क छवि बनाई. 

वे रायपुर में सीएसपी और खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में पुलिस अधीक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे चुकी हैं. कानून व्यवस्था को सख्ती से लागू करने के साथ-साथ महिला सुरक्षा और पुलिस कल्याण के कार्यों के लिए पहचानी जाने वाली अंकिता शर्मा वर्तमान में राजनांदगांव जिले में पुलिस अधीक्षक (SP) के रूप में कार्यरत हैं.  

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP