कोरबा: ITI छात्र ने फांसी लगाकर की खुदकुशी, पिता ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
कोरबा जिले में ITI छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतक के पिता ने उसके साथी पर गाली-गलौज और मानसिक रूप से परेशान करने का गंभीर आरोप लगाया है.
कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में करतला ITI के 19 वर्षीय छात्र इंद्रजीत महतो ने अपने ही घर में फांसी लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली. यह मामला उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सलिहाभांठा का है. देर रात करीब 12 बजे जब छात्र के पिता दिलीप कुमार महतो बाहर से वापस लौटे, तब उन्हें इस भयावह घटना की जानकारी हुई. घटना के बाद से ही पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक की लहर व्याप्त है.
इस पूरे मामले में मृतक के पिता दिलीप कुमार महतो ने अपने बेटे के साथी राजेश्वर पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पिता के अनुसार, इंद्रजीत बेहद शांत स्वभाव का था और उसकी मां का पहले ही देहांत हो चुका है. पढ़ाई के सिलसिले में रोज बस की सुविधा न मिल पाने के कारण उसे गांव के ही राजेश्वर नाम के युवक के पास रहने के लिए भेजा गया था.
आरोप है कि राजेश्वर लगातार इंद्रजीत को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था और उसके परिवार के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता था. फोन पर बेटे ने दो दिन पहले ही इस प्रताड़ना का जिक्र किया था, लेकिन इससे पहले कि पिता बीच-बचाव करने पहुंचते, यह दुखद घटना घट गई.
घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची उरगा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है. पुलिस ने मर्ग कायम कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है.
अधिकारियों का कहना है कि परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और पिता द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्षता से जांच की जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.