बुध, 21 अक्टू. 2026

CGKhabar

भिलाई में गरबा खेलकर लौट रही युवती की सड़क हादसे में मौत

भिलाई टाउनशिप में गरबा उत्सव से घर लौटते समय तेज रफ्तार कार की टक्कर से 20 वर्षीय अक्षिता अवचट की जान चली गई, वहीं उनका साथी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा है.

C

CG Khabar

21 अक्टू. 2026, 07:56 AM 2 मिनट में पढ़ें 34

अक्षिता अवचट
अक्षिता अवचट

भिलाई । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के भिलाई टाउनशिप में गरबा कार्यक्रम से घर लौट रही एक 20 वर्षीय युवती की सड़क दुर्घटना में जान चली गई. मृतका की पहचान कॉलोनी के बी ब्लॉक निवासी अक्षिता अवचट के रूप में हुई है, जिनके पिता लोको पायलट हैं. हादसे के वक्त अक्षिता अपने पड़ोसी आयुष कुमार पचौरी (17) के साथ स्कूटी पर सवार होकर तालपुरी स्थित अपने घर की ओर जा रही थीं.

यह हादसा सेक्टर-5 स्थित फॉरेस्ट एवेन्यू मार्ग पर सीमेंट प्लांट के पास उस समय हुआ, जब सामने से गलत दिशा में आ रही एक तेज रफ्तार कार (CG 07 CH 232) ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी. 

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों काफी दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से जख्मी हो गए. राहगीरों की सहायता से घायलों को तत्काल सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां देर रात करीब 3 बजे इलाज के दौरान अक्षिता ने दम तोड़ दिया.

घटना की जानकारी मिलते ही भिलाई नगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है. पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है. हादसे में गंभीर रूप से घायल आयुष का अस्पताल में इलाज जारी है, वहीं पुलिस आरोपी कार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में जुट गई है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP