रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

कोरबा: तेज रफ्तार कार पलटी, मस्तूरी के दो युवकों की मौत

C

CG Khabar

06 फ़र. 2026, 07:22 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सड़क दुर्घटना
सड़क दुर्घटना

कोरबा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शादी की खुशियों में शामिल होने आ रहे चार दोस्त सड़क हादसे का शिकार हो गए. उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत चांपा-भारतमाला मार्ग पर एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे जा गिरी. इस भीषण टक्कर में दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है.


मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर जिले के मस्तूरी निवासी चार युवक कार (CG 10 PF 9922) में सवार होकर एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने कोरबा आ रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार की रफ्तार काफी अधिक थी. देर रात जैसे ही वाहन चांपा-भारतमाला मुख्य मार्ग पर पहुँचा, चालक ने नियंत्रण खो दिया और कार सड़क से उतरकर नीचे जा गिरी. 

विज्ञापन


दुर्घटना इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए.


इस दर्दनाक हादसे में राहुल राय और विराट अग्रवाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. मलबे में फंसे घायलों को राहगीरों और डायल 112 की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया. 


घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए तत्काल बिलासपुर रेफर कर दिया गया है.


पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है. पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण तेज गति ही नजर आ रहा है. फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP